ओल्ड टेस्टामेंटHIOV

भजन संहिता 67

1प्रधान बजानेवाले के लिये तारवाले बाजों के साथ भजन, गीत परमेश्‍वर हम पर अनुग्रह करे, और हम को आशीष दे; वह हम पर अपने मुख का प्रकाश चमकाए [1], (सेला)

2जिससे तेरी गति पृथ्वी पर, और तेरा किया हुआ उद्धार सारी जातियों में जाना जाए।

3हे परमेश्‍वर, देश देश के लोग तेरा धन्यवाद करें; देश देश के सब लोग तेरा धन्यवाद करें।

4राज्य राज्य के लोग आनन्द करें, और जयजयकार करें, क्योंकि तू देश देश के लोगों का न्याय धर्म से करेगा, और पृथ्वी के राज्य राज्य के लोगों की अगुवाई करेगा। (सेला)

5हे परमेश्‍वर, देश देश के लोग तेरा धन्यवाद करें; देश देश के सब लोग तेरा धन्यवाद करें।

6भूमि ने अपनी उपज दी है, परमेश्‍वर जो हमारा परमेश्‍वर है, उसने हमें आशीष दी है।

7परमेश्‍वर हम को आशीष देगा; और पृथ्वी के दूर दूर देशों के सब लोग उसका भय मानेंगे।