ओल्ड टेस्टामेंटHIOV

यशायाह भविष्यद्वक्‍ता की पुस्तक 21

1समुद्र के पास के जंगल के विषय भारी वचन। जैसे दक्षिणी प्रचण्ड बवण्डर चला आता है, वैसे ही वह जंगल से अर्थात् डरावने देश से निकट आ रहा है।

2कष्‍ट की बातों का मुझे दर्शन दिखाया गया है; विश्‍वासघाती विश्‍वासघात करता है, और नाशक नाश करता है। हे एलाम, चढ़ाई कर, हे मादै, घेर ले; उसका सब कराहना मैं बन्द करता हूँ।

3इस कारण मेरी कटि में कठिन पीड़ा है; मुझ को मानो ज़च्‍चा की सी पीड़ा हो रही है; मैं ऐसे संकट में पड़ गया हूँ कि कुछ सुनाई नहीं देता, मैं ऐसा घबरा गया हूँ कि कुछ दिखाई नहीं देता।

4मेरा हृदय धड़कता है, मैं अत्यन्त भयभीत हूँ; जिस साँझ की मैं बाट जोहता था उसे उसने मेरी थरथराहट का कारण कर दिया है।

5भोजन [1] की तैयारी हो रही है, पहरुए बैठाए जा रहे हैं, खाना–पीना हो रहा है। हे हाकिमो, उठो, ढाल में तेल मलो!

6क्योंकि प्रभु ने मुझ से यों कहा है, “जाकर एक पहरुआ खड़ा कर दे, और वह जो कुछ देखे उसे बताए।

7जब वह सवार देखे जो दो–दो करके आते हों, और गदहों और ऊँटों के सवार, तब बहुत ही ध्यान देकर सुने।”

8और उसने सिंह के से शब्द से पुकारा, “हे प्रभु, मैं दिन भर खड़ा पहरा देता रहा और मैं ने पूरी रातें पहरे पर काटीं।

9और क्या देखता हूँ कि सवारों का दल अर्थात् दो–दो करके सवार चले आ रहे हैं!” और वह बोल उठा, “गिर पड़ा, बेबीलोन गिर पड़ा; और उसके देवताओं की सब खुदी हुई मूरतें भूमि पर चकनाचूर कर डाली गई हैं।” ⓐ

10हे मेरे दाएँ हुए, और मेरे खलिहान के अन्न, जो बातें मैं ने इस्राएल के परमेश्‍वर सेनाओं के यहोवा से सुनी हैं, उनको मैं ने तुम्हें बता दिया है।

11दूमा के विषय भारी वचन। सेईर में से कोई मुझे पुकार रहा है, “हे पहरुए, रात का क्या समाचार है? हे पहरुए, रात की क्या खबर है?”

12पहरुए ने कहा, “भोर होती है और रात भी। यदि तुम पूछना चाहते हो तो पूछो; फिर लौटकर आना।”

13अरब के विरुद्ध भारी वचन। हे ददानी बटोहियो, तुम को अरब के जंगल में रात बितानी पड़ेगी।

14हे तेमा देश के रहनेवालो, प्यासे के पास जल लाओ और रोटी लेकर भागनेवालों से मिलने के लिये जाओ।

15क्योंकि वे तलवारों के सामने से वरन् नंगी तलवार से और ताने हुए धनुष से और घोर युद्ध से भागे हैं।

16क्योंकि प्रभु ने मुझ से यों कहा है, “मजदूर के वर्षों के अनुसार, एक ही वर्ष में केदार का सारा वैभव मिटाया जाएगा;

17और केदार के धनुर्धारी शूरवीरों में से थोड़े ही रह जाएँगे; क्योंकि इस्राएल के परमेश्‍वर यहोवा ने ऐसा कहा है।”